संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। घरेलू सिलिंडर पर सरकार ने करोड़ों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। इसमें झांसी के साढ़े आठ लाख उपभोक्ता भी शामिल हैं। जिनमें उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी हैं। हालांकि, अभी सरकार द्वारा होली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त सिलिंडर दिए जा रहे हैं।
बता दें कि जिले में साढ़े छ: लाख वह उपभोक्ता हैं, जो गरीबी रेखा से ऊपर हैं। वहीं, 2 लाख 7 हजार 84 उपभोक्ता वह हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में एलपीजी सिलिंडर मिले हैं। लेकिन, गैस के दाम बढ़ने के बाद उज्ज्वला योजना की हजारों लाभार्थियों ने एक बार से दोबारा सिलेंडर रिफिल नहीं कराया। हालांकि, बीते साल केंद्र सरकार ने इन लाभार्थियों को सिलिंडर पर 300 रुपये सब्सिडी देने की घोषणा की थी। अब इस आदेश के बाद यह सब्सिडी आगे भी जारी रहेगी। बता दें कि अभी जिले के उज्ज्वला लाभार्थियों को दीपावली और होली पर मुफ्त सिलिंडर देने की योजना चल रही है। जिसमेें सब्सिडी केंद्र की ओर से और बाकी पैसा राज्य सरकार की आरे से दिया जा रहा है। बता दें कि 100 रुपये कम होने के बाद झांसी में घरेलू सिलिंडर के दाम 837 रुपये हो गए हैं। जिलापूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि दाम कम होने के बाद जिले के घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा। उज्ज्वला योजना के लाभार्थी सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आधार प्रमाणीकरण कराएं।