ईसीसी सोसाइटी चुनाव के लिए प्रचार थमा, मतदान कल
झांसी। रेलवे की ईसीसी सोसाइटी चुनाव के लिए सोमवार की शाम से प्रचार थम गया। 26 जून को मतदान होगा। मतदान के लिए मंडल में 28 बूथ अलग- अलग स्टेशनों पर बनाए गए हैं। इस चुनाव में 16 हजार से अधिक कर्मचारी अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव में चार संगठन मैदान में हैं।
ईसीसी सोसाइटी (सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी) चुनाव 26 जून को होगा। इसमें 19 प्रतिनिधियों (डेलीगेट) का पैनल चुना जाएगा। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन की एक महिला कर्मचारी निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। इसलिए अब पैनल में 18 प्रत्याशी की बचे हैं। चुनाव में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ और संयुक्त मोर्चा (रेल कर्मचारी ट्रैकमेंटेनर एसोसिएशन, अखिल भारतीय अन्य पिछड़ा वर्ग एसोसिएशन, ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे कर्मचारी संघ, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन) के प्रत्याशी मैदान में हैं।
चुनाव के लिए झांसी में मतदान के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, डीजल शेड, एसी शेड, वर्कशाप, स्टोर, सीएंडडब्लू, रेलवे स्टेशन पर बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा ग्वालियर मेें दो, महोबा, धौर्रा, ललितपुर, बबीना, दतिया, तालबेहट, चिरगांव, उरई, जूही, डबरा, गोहद रोड, शिवपुरकलां, मुरैना, मऊरानीपुर, बांदा, चित्रकूट, घाटमपुर स्टेशन पर बूथ बनाए गए हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। दोेपहर 12 बजे से 12.30 बजे तक भोजन अवकाश रहेगा। मतगणना 27 जून को सुबह नौ बजे से होगी। चुनाव वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उल्लास कुमार के निर्देशन व मंडल कार्मिक अधिकारी जीपी मिश्रा की देखरेख में कराया जा रहा है। कोर कमेटी में छह सुपरवाइजरों को भी रखा गया है।