झांसी। महानगर क्षेत्र के कई हिस्सों में जल संकट के कारण लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। इन इलाकों में टैंकर भेजकर लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। मोहल्लों में टैंकर पहुंचते ही पानी के लिए मारामारी शुरू हो जाती है।
नगर क्षेत्र के बाहर बड़ागांव गेट स्थित सत्यम कॉलोनी, मद्रासी कॉलोनी, डड़ियापुरा करगुवां जी, पिछोर, गुमनावारा, महाराणा प्रतापनगर, मयूर विहार कालोनी सराय, सिलवटगंज, भगवंतपुरा, कोछाभांवर, सिमरधा, गढ़िया गांव, वीरांगना नगर, पाल कालोनी, सिद्धेश्वर नगर, अलीगोल, मेवातीपुरा, बाहर उन्नाव गेट, मुकरयाना, मैला की टौरिया, मसीहागंज, लहरगिर्द, करारी, राजपूत नगर, बौद्धनगर, खैरा, ईसाई टोला, ताज कंपाउंड, नंदनपुरा आदि इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है।
जल संस्थान ने मांग के हिसाब से इन क्षेत्रों में पानी पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए बीस टैंकरों को उपयोग में लाया जा रहा है। यह प्रतिदिन चार से पांच चक्कर लगा रहे हैं। इनमें पानी भरने के लिए मसीहागंज, दतिया गेट फिल्टर व तालपुरा टंकी पर प्वाइंट बनाए गए हैं। पानी की किल्लत का आकलन इससे किया जा सकता है कि कई स्थानों पर पानी लेने की होड़ में लोग आपस में भिड़ जाते हैं।
उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आर एस यादव ने बताया कि जिस क्षेत्र के लोग टैंकर मंगाना चाहते हैं, वह कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र दें, वहां पानी भेजने की व्यवस्था की जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर खड़े होने के प्वाइंट निर्धारित कर दिए गए हैं। इसके अलावा अगर कोई जबरन टैंकर को बीच रास्ते में रुकवाने या अपने घर के सामने खड़ा करवाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।