झांसी। बेसिक प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर समायोजन रद किए जाने के फैसले से आक्रोशित शिक्षा मित्रों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जिले के 1754 शिक्षा मित्रों ने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु मांगी। वहीं, प्रदर्शन के दौरान एक शिक्षा मित्र को हार्ट अटैक हो गया। इस पर आनन - फानन में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां उनकी हालत में सुधार है।
जिले में शिक्षा मित्रों का आंदोलन जारी है। मंगलवार को सुबह सैकड़ों की संख्या में शिक्षा मित्र बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। यहां से वह नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने शिक्षा मित्रों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसके जरिये हाईकोर्ट के उक्त फैसले से प्रभावित जनपद के सभी 1754 शिक्षा मित्रों को इच्छा मृत्यु की स्वीकृति देने की मांग की। इस दौरान शिक्षा मित्रों ने कहा कि वह पिछले डेढ़ दशक से पूरे समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं, बावजूद उन्हें बतौर शिक्षक तैनाती न देना गलत है। उन्होंने इस मामले में केंद्र व राज्य सरकार से हस्तक्षेप की गुहार लगाई।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान गुरसरांय विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय ध्वारी में तैनात शिक्षा मित्र अरविंद घोष को हार्ट अटैक आ गया। इस पर साथी शिक्षा मित्र उन्हें आनन - फानन में कलेक्ट्रेट से जिला अस्पताल लेकर आए। यहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। प्रदर्शन के दौरान वीरेंद्र श्रीवास्तव, पंकज, इंदर, संजय, अरुण, ललित, अख्तर, मनोज, रामगोपाल, विष्णुकांत पटैरिया, सुगर सिंह, शोभाराम, मीतेंद्र, गंधर्व, अनीता, कीर्ति, क्रांति, राधेलाल, राममिलन, महेश, बृजेंद्र, राजेंद्र पाल, गोविंद सिंह, शैलेंद्र, फूलसिंह, राकेश, रमाकांत, महेंद्र सिंह, अमित, दीपेंद्र, अरविंद यादव आदि मौजूद रहे। संचालन राकेश नामदेव व आभार अनिल साहू ने जताया।
मुंडन स्थगित, बीएसए आफिस पर प्रदर्शन
झांसी। समायोजन निरस्त होने से नाराज शिक्षा मित्र बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन करेंगे। पहले शिक्षा मित्रों द्वारा सामूहिक मुंडन की योजना बनाई गई थी, परंतु महिलाओं का तीजा पर्व होने की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया।
पेड़ पर चढ़ा शिक्षा मित्र, हड़कंप
झांसी। मंगलवार को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान एक शिक्षा मित्र वहां पेड़ पर चढ़ गया, इससे वहां हड़कंप मच गया। मौजूद पुलिस बल चौकन्ना हो गया। लेकिन, पेड़ पर चढ़े शिक्षा मित्र ने बताया कि वह लाउडस्पीकर लगाने के लिए चढ़ा है। तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली।