झांसी के कस्बा चिरगांव के ग्राम मुराटा में 12 ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजनाओं के निर्माण कार्य के श?
झांसी। मंगलवार को झांसी आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी पिछली एक सदी में नहीं आई है। दुनिया के कई विकसित देश भी इसके सामने कुछ न कर पाने की स्थिति में खड़े हुए हैं। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। इतना ही नहीं, लॉकडाउन के दरम्यान गरीबों के कल्याण के लिए तमाम योजनाएं चलाई गईं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों को मिल रहा है।
चिरगांव के ग्राम मुराटा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जुलाई से ‘अनलॉक - 2’ की शुरुआत होगी। जनजीवन सामान्य होगा। ऐसे में सभी को कोरोना से बचने और बचाने के उपाय करने होंगे। बुजुर्गों व बीमारों को घर से बाहर न ले जाएं। सभी फेस कवर/फेस मास्क का उपयोग करें। हाथ लगातार साबुन से धोते रहें तथा सैनिटाइजर का उपयोग करें। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए ये सभी उपाय जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को छुपाना नहीं है, बल्कि इसकी सूचना देकर इलाज करारा है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान गरीबों के कल्याण के लिए अद्भुत योजनाएं चलाईं गईं। अस्सी करोड़ लोगों को निशुल्क खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। बीस करोड़ जनधन खातों में पांच सौ रुपये की धनराशि भेजी गई। बारह करोड़ को किसान सम्मानि निधि का लाभ मिला। इसके अलावा निराश्रित व बुजुर्गों के खाते में धनराशि भेजी गई। प्रवासी श्रमिकों को स्पेशल ट्रेन व रोडवेज की बसों के जरिये उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए घर - घर शौचालय बनवाए गए और अब शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से बीमारियों के नियंत्रण में बड़ी सफलता हासिल होगी। स्वास्थ्य के साथ-साथ आजीविका से जुड़े संकट का सभी समाधान हो रहा है।