झांसी। घर से दूसरी बार भागकर बड़ौदरा जा रहे एक किशोर को घर से ज्यादा
अनाथालय में अच्छा लगने लगा है। झांसी स्टेशन पर मिले किशोर को चेतना
संस्था की मदद से दुबारा घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
रविवार को
रेलवे स्टेशन पर एक किशोर इधर- उधर भटक रहा था, तभी चेतना संस्था की सदस्य
राखी की नजर उस पर पड़ गई। वह किशोर को लेकर जीआरपी थाने आ गईं। यहां
जीआरपी को किशोर ने अपना नाम भोपाल के मंडी दीप क्षेत्र के मिस रोड निवासी
दुर्गा करण सिंह (10) पुत्र निरपत बताया। वह कवि दयाराम स्कूल में तीसरी
कक्षा का छात्र है। उसने बताया कि उसके पिता मकान निर्माण में शटरिंग का
काम करते हैं।
शाम को शराब पीने के बाद वह उसके साथ मारपीट करते हैं। इस
कारण वह पिछली साल भी घर से भागकर बड़ौदरा चला गया था। वहां उसे अनाथालय
में रखा गया और बाद में परिजनों के आने पर उन्हें सौंप दिया गया। उसे
अनाथालय में दूसरे बच्चों के साथ रहना अच्छा लगा था। इस कारण वह फिर घर
छोड़कर बड़ौदरा के अनाथालय जा रहा था, मगर गलत ट्रेन में बैठकर झांसी आ
गया।
अवैध वेंडर की धरपकड़ को छेड़ा अभियान
झांसी।
ट्रेनों में अवैध वेंडरों की भरमार है। इन पर नियंत्रण के लिए रविवार की
रात आरपीएफ द्वारा विशेष अभियान छेड़ा गया, जिसके तहत चार अवैध वेंडरों को
पकड़ा गया। आरपीएफ ने चारों अवैध वेंडरों का रेलवे एक्ट में चालान कर दिया
है। आरपीएफ झांसी स्टेशन के साथ-साथ मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी जांच कर
रही है।