हंसारी के पास डंपर ने सफारी गाडी में मारी टक्कर।
झांसी। रविवार रात झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर बिजौली के पास विपरीत (गलत) दिशा में जा रहे एक डंपर चालक ने सफारी गाड़ी में टक्कर मार दी। गाड़ी में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भाग रहे डंपर चालक को पकड़ लिया। चारों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, यहां उपचार के दौरान हुकुम ने दम तोड़ दिया।
थाना सीपरी बाजार के कोटी चमरऊआ गांव निवासी हुकुम सिंह (32) की रिश्तेदारी में दस्टोन का कार्यक्रम ओरछा के जमुनिया गांव में था। रविवार की दोपहर हुकुम अपने साथी सुरेंद्र, बेंद राजपूत और कल्लू राजपूत के साथ जमुनिया गांव गए थेे। कार्यक्रम निपटाकर रात करीब एक बजे दोनों घर के लिए रवाना हुए। गाड़ी को हुकुम सिंह चला रहे थे। रात करीब दो बजे बबीना हाईवे से उतरकर बिजौली पहुंचे थे, तभी सामने गलत दिशा से अचानक डंपर आ गया। इसे देखकर वह घबरा गए। जब तक गाड़ी को रोक पाते, तब तक सामने से आ रहे डंपर के चालक ने गाड़ी में टक्कर मार दी थी।
बाइक से गिरकर युवक की मौत
झांसी। सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ अंतर्गत पृथ्वीपुर अंतर्गत बाराखेरा निवासी आलोक दांगी (25) रविवार को काम से टेहरका आए थे। शाम को वह काम निपटाकर घर लौट रहे थे। टेहरका के पास अचानक बाइक से गिरकर वह घायल हो गए। गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।