झांसी। सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन खिलाड़ी कर रहे हैं कि नहीं। इसके लिए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। स्टेडियम में वर्तमान में दस कैमरें लगे हैं। छह और लगाए जा रहे हैं।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए लॉकडाउन लगा है। दो माह के बाद बीते बृहस्पतिवार को शासन के निर्देश के बाद मेजर ध्यानचंद स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए खोला गया। सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पूरी तरह से पालन हो। ऐसे में सभी खिलाड़ियों के व्यायाम व खेल अभ्यास की गतिविधियों पर निगरानी के लिए छह और कैमरा लगाए जा रहे हैं। इनमें एक बैडमिंटन हॉल में तथा शेष अन्य पांच हॉकी एस्टोटर्फ, बॉक्सिंग हॉल आदि में लगेंगे। अभी तक दस कैमरा ग्राउंड, छात्रावास, मुख्य भवन, जिम हॉल आदि में लगे हैं। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने कहा कि सभी खिलाड़ी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। स्टेडियम में पांच वर्ष से कम और 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का प्रवेश नहीं रहेगा।