झांसी। पेयजल संकट से जूझ रहे राजपूत कॉलोनी व आसपास के क्षेत्र को त्वरित राहत देने के लिए जल निगम ने 33.29 लाख की कार्य योजना तैयार कर ली है। जिलाधिकारी को कार्य योजना प्रेषित की जा रही है। बजट मिलने के दो माह के अंदर नलकूप लगाने व अन्य कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
शिवाजी नगर क्षेत्र स्थित राजपूत कॉलोनी व आसपास के क्षेत्र में भारी जल संकट है। जल स्तर गिरने से यहां लगे हैंडपंपों से पानी निकलना बंद हो गया है। मजबूरी में लोगों को किराए के टैंकर से पानी मंगाना पड़ रहा है। परेशान लोग कई बार जल निगम के अधिकारियों का घेराव व सड़क पर जाम तक लगा चुके हैं।
उक्त क्षेत्रों की परेशानी देखते हुए डीएम ने जल निगम को तात्कालिक पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। जल निगम की यांत्रिक शाखा ने कॉलोनी से सवा किलोमीटर दूर श्रम कार्यालय के सामने स्थित पार्क में नलकूप लगाने के लिए पानी की तलाश की। इस नलकूप से छह हजार लीटर प्रति घंटा पानी निकल सकेगा।
जल निगम ने नलकूप लगाने, पाइप लाइन बिछाने, पंप हाउस बनाने, क्लोरीनेटिंग प्लांट, विद्युत संयोजन आदि कार्य के लिए 33.29 लाख की कार्य योजना तैयार कर ली है। योजना एक-दो दिन में डीएम के समक्ष प्रेषित कर दी जाएगी। बजट स्वीकृत होते ही नलकूप लगाने आदि कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
जल निगम की निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता एपी यादव ने बताया कि कार्य योजना को स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कार्य पूर्ण होने में करीब दो माह का समय लगेगा।
संयोजन नहीं, टंकियों से दिया जाएगा पानी
योजना के तहत नलकूप 75 मीटर गहरा होगा। नलकूप स्थल से राजपूत कॉलोनी तक सवा किलोमीटर तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। नलकूप में पानी कम होने के कारण घरेलू संयोजन नहीं दिए जा सकेंगे। अलग-अलग स्थानों पर पांच प्लास्टिक की टंकियां रखी जाएंगी। नलकूप के पानी से उन्हें भरा जाएगा। टंकियों में लगे नल से लोग पानी भर सकेंगे।