रानीपुर। बरियाबेर मऊरानीपुर जाने वाली सड़क के किनारे लगे नलकूपों से होने वाली जलापूर्ति सभी जगह नहीं पहुंच रही है। इस कारण कई मोहल्लेवासी एक सप्ताह से इस भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। यह आरोप यहां के लोगों ने लगाया है। लोगों ने बताया कि संबंधित विभाग के कुछ लोगों की मनमानी के चलते लोगों को सुचारू ढंग से पानी नहीं मिल पाता है। कभी बिजली की समस्या, कभी लाइन टूटने की दिक्कत बताई जाती है। बहरहाल कुछ भी हो इस गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। बरियाबेर-मऊरानीपुर सड़क किनारे लगे दो नलकूपों से बस स्टैंड, नईबस्ती, गंज, लाड़गंज, नझाई बाजार आदि जगह जलापूर्ति होती है। इन मोहल्लों के लोगों ने बताया कि एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बाधित है। स्थानीय बृजमोहन चऊदा, गफूर बक्श मंसूरी, अरविंद कुमार, छक्कीलाल, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, हरिराम आदि ने पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।