झांसी। अभियंता संघ द्वारा मंगलवार को भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया
का जन्म दिवस भेल सभागार में मनाया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने डा
विश्वश्वरैया को अभियंताओं का आदर्श बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य
अतिथि उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य विद्युत अभियंता भरत कुमार सोनवाने ने डा
विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह
में सभी विभाग अपनी- अपनी स्पर्धात्मक एवं गैर स्पर्धात्मक कार्यक्रम को
लेकर अति उत्साहित थे। बेहद गर्मजोशी के साथ उनके द्वारा कार्यक्रमों का
प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे
एवं झांसी वर्कशाप, पीटीपीपी, बीआईईटी, भेल, एसआर ग्रुप, यूपीपीसीएल,
पीडब्लूडी एवं निजी अभियंताओं द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। वहीं, गैर
प्रतिस्पर्धा में भेल, पीटीपीपी एवं यूपीपीसीएल द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत
किए गए।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संतोष कुमार अग्रवाल, मुख्य
कारखाना प्रबंधक अतुल्य सिन्हा, सीजीएम पारीछा तापीय परियोजना अखिलेश सिंह,
मुख्य अभियंता यूपीपीसीएल पी के जैन, मुख्य अभियंता पीडब्लूडी वी के
गुप्ता, मुख्य अभियंता जल निगम राजेश मित्तल, मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग
स्तर वन अनिल कुमार धामा, निदेशक बीआईईटी मनोज कुमार गुप्ता, कार्यपालक
निदेशक भेल मुकेश खासगीवाला, संरक्षक निजी अभियंता वी के अग्रवाल, मुख्य
अभियंता पीटीपीपी जी पी वर्मा आदि उपस्थित थे।
आल इंडिया रेलवे
इंजीनियर्स फेडरेशन के तत्वावधान व नार्थ सेंट्रल रेलवे इंजीनियर्स
एसोसिएशन द्वारा रेलवे वर्कशाप स्थित विश्वेश्वरैया आडीटोरियम में आयोजित
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ए डब्लू खान,
विशिष्ट अतिथि इंजी आशीष श्रीवास्तव, इंजी टी आर दोहरे, राष्ट्रीय महासचिव
इंजी ए के त्यागी ने मां सरस्वती व विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण व
दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम में पत्रिका ‘संकल्प 2015’ का विमोचन
किया गया। इस अवसर पर इंजी आर के गुप्ता, रवि गुप्ता, नवीन शुक्ला, विनोद
सरावगी, आलोक सक्सेना, गंगाचरण, अरुण गुप्ता आदि उपस्थित थे। अंत में आभार
इंजी आर के दुबे ने व्यक्त किया।
अवर अभियंताओं ने किया रक्तदान
झांसी।
स्व इंजी आर के दत्ता की पुण्य तिथि पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश डिप्लोमा
इंजीनियर्स महासंघ के तत्वावधान में रक्त दान व मरीजों को फल वितरण
कार्यक्रम का आयोजन जिला अस्पताल में किया गया।
इस अवसर पर अवर
अभियंताओं व उनके परिजनों ने पचास यूनिट रक्तदान किया। इस मौके पर मुख्य
चिकित्सा अधीक्षक डा रमेश चंद्रा, इंजी के एन दुबे, सी पी गुप्ता, ओ पी मति
आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन इंजी हरिओम चक व आभार इंजी शिवरंजन
द्विवेदी ने व्यक्त किया।