झांसी। जनपद में पहली कोरोना पॉजिटिव गर्भवती की डिलीवरी कराने पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की चिकित्सक डॉ. निधि दुबे को राजकीय सम्मान मिला है। डिलीवरी के दौरान वह खुद भी कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं। इसके अलावा शिक्षाविद् डॉ. नीति शास्त्री को भी राजकीय सम्मान और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला को प्रशस्ति पत्र मिला है।
जनपद में पहली कोविड पॉजिटिव गर्भवती महिला का प्रसव मेडिकल कॉलेज में 11 जून को डॉ. निधि दुबे ने कराया था। कानपुर की गोविंद नगर निवासी डॉ. निधि को गर्भवती की डिलीवरी कराने के दो दिन बाद बुखार आ गया। फिर उनकी कोविड की जांच हुई। 14 जून को आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव मिलीं। कोरोना को मात देने के बाद जब वह ठीक होकर काम पर लौटीं तो मरीजों की सेवा में फिर से जुट गईं। इसके अलावा उन्होंने कोविड के मरीज को अपना प्लाज्मा भी डोनेट किया। इस सराहनीय कार्य के लिए उनको शासन और यूनिसेफ की संयुक्त वेबिनार में राजकीय सम्मान पत्र मिला है। वहीं, शिक्षाविद् डॉ. नीति शास्त्री जुलाई में कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने लोगों को जागरूक करने में भूमिका निभाई। यूनिसेफ द्वारा सामाजिक जागरूकता के लिए बनाई गई शॉर्ट फिल्मों में लेखन और उसके प्रतिपादन में भी सहयोग दिया है। इसलिए उन्हें राजकीय सम्मान मिला है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला को भी जन जागरूकता के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया है।