झांसी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि सनातन को गाली देना, हिंदुत्व को अपमानित, लोकतंत्र को बदनाम और विदेशों में जाकर भारत की छवि धूमिल करना ही विपक्ष का काम है। इनके मन में कुंठा और विष भरा है। विदेशी आकाओं की टूल किट का हिस्सा बनकर विपक्षी नेता देश को बदनाम करने का काम करते रहते हैं। वह सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि तानाशाही और कुंठा से भरी हुई टीएमसी सरकार बंगाल में थी। जिसका प्रमाण है कि ममता बनर्जी के सत्ता से हटते ही टीएमसी के लोग ही अपनी पार्टी के खिलाफ खड़े हो गए। एक सवाल के जवाब में बताया कि अनुच्छेद 370 और 35-ए हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को बसाया भी जा रहा है। सुरक्षा भी दी जा रही है। लाल चौक पर कृष्ण जन्माष्टमी की सवारी भी निकल रही है। मां खीर भवानी का मेला भी लग रहा। जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाज और उनके हिमायती भी खत्म हुए हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में गबन के मामले में बोले कि जो भी दोषी होगा, उसके बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में जनता की पहली पसंद है।
12 सालों में देश ने विकास, सुरक्षा के क्षेत्र में पाई उपलब्धि
झांसी। केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर दीनदयाल सभागार में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि मोदी सरकार का संकल्प देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना है। पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते 12 सालों में भारत ने विकास, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि बीडा आने वाले समय में आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित होगा। महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, मेयर बिहारी लाल आर्य, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, विधायक रवि शर्मा, विधायक राजीव सिंह पारीछा, अमर सिद्ध, शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रियांशु डे, सौरभ मिश्रा, चेतन ओझा आदि मौजूद रहे।