झांसी। लहचूरा के बरौटा गांव में दिल दहलाने वाले मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड की छानबीन में आगे भी पुलिस जुटी है। पुलिस ने मां-बेटे के डीएनए नमूने लेकर उसे परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा है। यहां उन दोनों के नमूनों की जांच कराई जाएगी। वहीं, पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने विवाहिता के स्वैब की स्लाइड भी बनाई है।
बरौटा गांव निवासी चतुर्भुज पटेल (40) उर्फ राजीव ने तीन अप्रैल की रात अपनी लिवइन पार्टनर नीलू एवं उसके तीन साल के बेटे कृष्णा की कुल्हाड़ी से मारकर नृशंस हत्या कर दी थी। बेहद शातिर चतुर्भुज ने पुलिस से बचने के लिए नीलू की पहचान मिटाने की कोशिश की। हत्यारोपी ने पत्थर से उसका चेहरा बुरी तरह से कुचलकर बिगाड़ दिया था। बेटे कृष्णा के शव को भूसे के ढेर में दबा दिया था। उसके बाद आग लगाकर सारे सुबूत भी खत्म करने की कोशिश की।
पुलिस को छानबीन में मालूम चला कि चतुर्भुज करीब छह माह से नीलू के साथ था। चतुर्भुज उसे पैसे देता था लेकिन, नीलू उसे पास नहीं आने देती थी। इस वजह से दोनों में विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी में उसने नीलू की हत्या की। चतुर्भुज ने हत्या के बाद शव को कमरे में भी छिपाए रखा। थाना प्रभारी सरिता मिश्रा का कहना है कि शिनाख्त कराने के लिए मां-बेटे के नमूने लिए गए हैं। ब्यूरो