संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बेपटरी विद्युत आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने भी नाराजगी जताते इसे दुरुस्त करने का बिजली अफसरों को अल्टीमेटम दिया। मंगलवार को बिजली आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने फोन न उठाने वाले अफसरों को भी फटकार लगाई। कहा, तमाम जगहों से शिकायतें मिलीं हैं। फोन न उठने की शिकायत मिलने पर अफसरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। डीएम ने हर कीमत पर लोगों का फोन उठाने का निर्देश दिए। फाल्ट भी प्राथमिकता के साथ दुरुस्त कराने को कहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान मृदुल चौधरी ने बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। डीएम ने कहा निर्बाध आपूर्ति शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। विद्युत अभियंता एवं कर्मचारी मुख्यालय पर ही निवास करें। रात में आने वाली समस्याओं को दूर करने के साथ फोन भी हर कीमत पर उठाया जाए। अधिकारियों को संवेदनशील होकर कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा उपभोक्ताओं को शेड्यूल के मुताबिक बिजली देना सुनिश्चित करें। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों को 24 घंटे में निपटाने के भी निर्देश दिए।