झांसी। मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यो में लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए इनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में स्मार्ट सिटी कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित 27 प्रोजेक्ट जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा झांसी किले से संबंधित सभी कार्य तेजी से पूरे किए जाएं। लाइट एंड साउंड शो एवं फसाड लाइटिंग के कार्य 31 अक्तूबर तक पूरा करते हुए इनका ट्रायल रन 7 नवंबर तक कराया जाए। पानी वाली धर्मशाला, लक्ष्मीताल, आंतिया ताल एवं जीजीआईसी के कार्य भी प्राथमिकता के साथ पूरे कराने को कहा। पानी वाली धर्मशाला परियोजना में अतिरिक्त कार्य को लेकर बनाई गई कमेटी की लापरवाही पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के मुख्य अभियंता समेत कमेटी के अन्य सदस्यों को तत्काल चार्जशीट देने के निर्देश दिए। इलेक्ट्रिक बस सर्विस की चार्जिंग स्टेशन संबंधी कार्य 20 सितंबर तक प्रत्येक दशा में पूरा करने को कहा। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवनीश राय, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।