संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को ओपीडी और लैब में जांच के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए अस्पताल की निगरानी लखनऊ से की जा रही है। यहां लगे सभी 36 सीसीटीवी कैमरों को इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। साथ ही मंडलीय चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से भी नजर रखी जा रही है। अब यह कैमरे और बढ़ाए जा रहे हैं।
बता दें कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 मरीज ओपीडी में आते हैं। इसके अलावा 30 से 40 मरीज इमरजेंसी और मेडिकल वार्डों में भर्ती होते हैं। इन सभी स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए जिला अस्पताल में 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें मुख्यालय के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। जिसमें चिकित्सकों के आने-जाने का समय और मरीजों के साथ उनके व्यवहार की निगरानी की जा रही है। वहीं, मंडलीय चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। अब अस्पताल के पुरुष और महिला वार्डों में कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
चिकित्सक और अन्य स्टाफ अपना कार्य समय और लगन के साथ कर रहे हैं या नहीं, इस बात की निगरानी की जा रही है। हम कैमरों की संख्या 36 से 46 कर रहे हैं, जिससे पूरे अस्पताल की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पुख्ता हो सकें।
डॉ. प्रमोद कुमार कटियार, मंडलीय चिकित्सा अधीक्षक।