झांसी। 31 दिसंबर की रात सड़क पर हुड़दंग करते मिले तो नया साल हवालात में मनेगा। महानगर में पुलिस की अलग से टीमें गठित की गई हैं। चौराहों व मोहल्ले में भी सादा वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी। चौराहों पर रात भर पुलिस ब्रीथ एनालाइजर लगाकर चेकिंग करेगी।
नए साल का स्वागत का जश्न करने वालों पर पुलिस की निगाह रहेगी। सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सादे कपड़े में भी महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। पुलिस की निगाह में शराब पीकर वाहन चलाने वाले व हुड़दंग करने वाले रहेंगे।
महानगर के इलाइट चौराहा, जेल चौराहा, बस स्टैंड, सीपरी बाजार पुल के नीचे, चित्रा चौराहा, बीकेडी चौराहा व खंडेराव गेट पर पुलिस ब्रीथ एनालाइजर लगाकर चेकिंग करेगी। टुन्न मिलने पर थाने लाया जाएगा। जहां नशा उतरने के बाद सुबह छोड़ा जाएगा। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि पुलिस को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टंटबाजों की भी निगरानी
महानगर के कुछ प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। जहां बाइकर्स के स्टंट करने का अंदेशा रहता है। इन स्थानों पर भी पुलिस टीम गश्त करेगी। बाइकर्स स्टंट करते मिलने पर कार्रवाई के साथ गाड़ी भी सीज होगी।
तीन लोगों ने मांगी पार्टी की अनुमति
बिना अनुमति के नए साल का जश्न मनाया तो जेल जाना पड़ेगा। जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन गोस्वामी ने बताया कि बिना अनुमति नए वर्ष में पार्टी व किसी भी कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। इसके लिए छह टीमें गठित की गई हैं। पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक तीन लोगों ने पार्टी के लिए अनुमति मांगी है। जिनको नियमानुसार अनुमति मिलेगी।