घटना का खुलासा करते एसएसपी दिनेश कुमार पी व टेवल पर बरामद सामान।
झांसी। पुलिस ने दो हाई प्रोफाइल चोरों को गिरफ्तार किया है, जो सुनसान घरों को निशाना बनाते थे। चोरों के पास से नौ लाख रुपये के सोने- चांदी के जेवरात, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस का दावा है इन चोरों के गैंग ने 50 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों पर डकैती, लूट, छिनैती के मुकदमे दर्ज हैं। गैंग का मास्टरमाइंड वर्तमान में मध्य प्रदेश के दतिया जेल में बंद है।
पुलिस को सूचना मिली कि शहर में एक हाई प्रोफाइल लैपटॉप गिरोह सक्रिह जो लैपटॉप के साथ ही पैसे वालों के घरों को निशाना बनाकर नकदी व जेवरात चोरी करने का काम करते हैं। गैंग को पकड़ने के लिए सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अलग- अलग टीमों को लगाया गया। सूचना पर एसओजी टीम, सीपरी बाजर व नवाबाद थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई कर पंचतंत्र पार्क से उक्त गिरोह के दो बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से अलग- अलग घरों से चुराए गए सोने- चांदी के जेवरात, तीन लैपटॉप, मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों के नाम कोतवाली क्षेत्र के बाहर उनाव गेट एकता कॉलोनी निवासी प्रमेंद्र साहू पुत्र रामभरोसे व नागो जी की पुलिया के आगे पंचवटी कॉलोनी निवासी शिवम कोष्टा पुत्र राजकुमार है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
--------------------
सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा, सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी शैलेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अजय भदौरिया, जितेंद्र सिंह तक्खर, त्रिदीप सिंह, आरक्षी दुर्गेश चौहान, योगेंद्र सिंह चौहान, विपिन कुमार, योगेंद्र सिंह चौहान, कुलदीप कुमार, शैलेंद्र सिंह, सत्यपाल, पदम गोस्वामी, प्रदीप सेंगर, मनोज कुमार।