शारदा नगर में हुई चोरी का खुलासा, तीन बदमाश पकड़े
- पंद्रह अगस्त को हुई थी घटना, प्रेमनगर पुलिस ने बरामद किया सामान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रेमनगर थाना पुलिस ने बिजौली स्थित शारदा नगर में पंद्रह अगस्त को हुई चोरी के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास से चोरी गया सामान बरामद किया गया।
शारदा नगर में रामप्रकाश मिश्रा परिवार के साथ रहते हैं। पंद्रह अगस्त को वे परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र में स्थित अपने पुराने मकान पर गए थे। रात में चोर उनके घर में घुस गए और दो लैपटॉप, सोने के आभूषण, हजारों की नकदी आदि सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट 28 अगस्त को दर्ज कर ली थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर बिजौली चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार तिवारी ने पुलिसकर्मियों के साथ राजगढ़ के पास मजार पीर कमाल शाह बाबा के पास उक्त चोरी में शामिल तीन बदमाशों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से तीन तमंचे व चार कारतूस बरामद किए। उनकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया। आरोपियों के नाम समथर के लोहागढ़ निवासी मोहर अली, चिरगांव के बिठरी गांव निवासी रंजीत लोहार व बल्लमपुर निवासी नवल परिहार हैं। पूर्व में आरोपी मोहर अली पर आठ, रंजीत पर दो व नवल पर चार मुकदमे दर्ज हैं।