झांसी। कोरोना से चित्रकूट में डिप्टी सीएमओ के पद पर तैनात झांसी निवासी डॉ. ध्रुव कुमार (53 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, जिले में कोरोना के 3,729 नमूनों की जांच में 42 नये मरीज सामने आए, जबकि 19 को डिस्चार्ज किया गया। जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 92.52 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
मूल रूप से झांसी के मोहल्ला खुशीपुरा के निवासी डॉ. ध्रुव कुमार दो वर्ष से चित्रकूट में तैनात थे। उनका परिवार अब ललितपुर जिले के तालबेहट कसबे में रहता है। डॉ. ध्रुव कुमार सितंबर माह में कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इस पर उन्हें मुख्यालय में ही क्वारंटीन कराया गया था। इसके बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर कुछ दिनों बाद वह काम पर लौट आए थे। चित्रकूट सीएमओ डॉ. विनोद यादव ने बताया कि हाल में ही वह फिर से संक्रमित हो गए। उनका बांदा में इलाज हुआ फिर इन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। वहां प्लाजा थेरेपी भी की गई थी। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वहीं जनपद में कोरोना के नये मरीज आदर्श नगर, प्रेमगंज, राजापुर, जीवनशाह तिराहा, ग्राम जारमई मोंठ, वैद्यराज मुहल्ला, बरथरी, करारी, रेवन, बड़ागांव गेट बाहर, बबीना, झांसी कैंट, बड़ागांव, मेहंदी बाग, प्रेमगंज, मेडिकल कॉलेज, पुलिया नंबर नौ पानी की टंकी के पास, पुलिस लाइन, स्कूलपुरा प्रेमनगर, गांधीनगर, सिविल लाइन, मिशन कंपाउंड, टेहरका चिरगांव, अंदर सैंयर गेट, राजीव नगर आदि इलाकों में मिले हैं।
इस तरह अब तक जिले में कोरोना वायरस के 8063 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 7460 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 92.52 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वर्तमान में जिले में 440 सक्रिय संक्रमित हैं। इनमें से 78 को छोड़ बाकी सभी सूक्ष्म या बगैर लक्षण वाले रोगी हैं। वहीं, जिले में अब तक 163 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है।