संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए शासन ने बजट आवंटन किया है, एक लाइब्रेरी को चार लाख रुपये कीमत से तैयार किया जाएगा। जिसमें दो लाख रुपये की लागत से फर्नीचर, कंप्यूटर आदि सामग्री व दो लाख रुपये से किताबों की खरीद की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में छात्र-छात्राओं का शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए शासन ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी खोलने का आदेश जारी किया है। पहले चरण में पचास प्रतिशत ग्राम पंचायतों में यह कार्य हो रहा है। जनपद में शासन ने प्रथम चरण में 125 लाइब्रेरी की धनराशि निर्गत की है। इसके लिए यह कार्य जनपद मुख्यालय से कराया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग में अलग से खाता खोलने के लिए आदेश जारी हो गया है। डिजिटल लाइब्रेरी के लिए जो खरीद की जाएगी, वह जैम पोर्टल से खरीद के आदेश जारी हुए हैं।
जनपद में शासन के आदेश पर पंचायती राज विभाग ने 44 डिजिटल लाइब्रेरी तैयार करा ली हैं। यहां पर बच्चों को बैठने के लिए फर्नीचर, पंखा आदि की सुविधाएं उपलब्ध कर दी गई हैं। बजट के अभाव में किताबों व कंप्यूटर की खरीद नहीं हो पाई थी। लेकिन शासन के इस आदेश के बाद यह राह भी आसान हो गई है। अब जनपद में निर्मित इन सभी लाइब्रेरी में बच्चों किताबें व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इन जगहों पर बनकर तैयार हुई लाइब्रेरी
पंचायती राज विभाग ने पूर्व में इन ग्राम पंचायतों देवरान, बार, बरौदाडांग, बानपुर, सुनवाहा, गदयाना, कैलगुवां, साढ़ूमल, सैदपुर, पठा विजयपुरा, सिदवाहा, कुम्हैड़ी, सौजना, गुढ़ा, मड़ावरा, नाराहट, गौना, रनगांव, रजवारा, बिरधा, कल्यानपुरा, कचनोंदाकलां, जाखलौन, डोंगराकलां, बालाबेहट, धौर्रा, बिजरौठा, थाना, पवा, खांदी, नत्थीखेड़ा, कड़ेसराकलां, पूराकलां, बिरधा, रानीपुरा, बुढ़वार, सिरसी, दावनी, जखौरा, दैलवारा, बांसी, हर्षपुर व मुहारा आदि जगहों पर निर्मित हैं।
शासन ने ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का आदेश जारी कर दिया है। इसके लिए प्रति लाइब्रेरी चार लाख रुपये धनराशि निर्धारित की गई है। इन लाइब्रेरी का निर्माण पंचायत भवन व विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष में कराया जाएगा। - नवीन मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी