बंगरा। विकासखंड बंगरा की कई ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बंद पड़ी हैं। बच्चों को इनका सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को लेकर बंगरा भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत भोजवाल ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत स्तर पर डिजिटल लाइब्रेरी खोली गई थीं। लेकिन कुछ ही दिन खुलने के बाद कई जगहों पर ताले लग गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाई हो रही है। गैराहा, पचवारा और पलरा सहित अन्य गांवों में लाइब्रेरी शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
इस संबंध में बीडीओ बंगरा सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कुछ जगहों पर तकनीकी समस्या बनी हुई है। इसका जल्द ही निस्तारण कराया जा रहा है। कुछ स्थानों पर पंचायत स्तर पर लापरवाही भी सामने आई है। डिजिटल लाइब्रेरी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।