संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। छत्तीसगढ़ के कोरबा से धौलपुर जा रहे युवक ने घर पहुंचने की चाह में ग्यारह सौ किलोमीटर का सफर तय किया लेकिन, जिंदगी ने घर से 164 किलोमीटर पहले झांसी स्टेशन पर उसका साथ छोड़ दिया।
धौलपुर के सायपुर का रहने वाला 37 वर्षीय युवक विजयकांत छत्तीसगढ़ के कोरबा में रहकर काम करता था। वह कोरबा में रहकर काम कर रहा था और ढाई साल से घर नहीं आया था। विजयकांत के दोस्त अरुण ने बताया कि वे दोनों शनिवार को छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से धौलपुर के लिए जनरल कोच में सवार हुए थे। सोमवार सुबह 10.58 बजे ट्रेन बबीना पहुंची तो विजयकांत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। रेलवे को इसकी सूचना दी गई। रेलवे चिकित्सक झांसी स्टेशन पहुंचे। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 11.52 बजे झांसी स्टेशन पहुंची तो डॉक्टर ने विजयकांत का परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी के उप निरीक्षक वीर सिंह यादव ने परिजनों को मौत की सूचना दी। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की मौत स्टेशन पहुंचने से पहले ही हो गई थी।