झांसी। ग्वालियर से झांसी की तरफ आ रही एमटी बॉक्स स्पेशल मालगाड़ी के दो वैगन शुक्रवार की देर शाम संदलपुर और आंतरी स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए। दुर्घटना के कारण चार घंटे तक अप ट्रैक बाधित रहा। इससे दस से अधिक ट्रेनें विलंबित हो गईं।
शुक्रवार की शाम एक एमटी स्पेशल मालगाड़ी (खाली) ग्वालियर से झांसी की तरफ बढ़ रही थी। मालगाड़ी के इंजन नंबर 31067 पर लोको पायलट राकेश कुमार तैनात थे। मालगाड़ी जब ग्वालियर सेक्शन के संदलपुर और आंतरी स्टेशन के बीच दौड़ रही थी, तभी शाम 6.29 बजे किलोमीटर नंबर 1207/37 पर दो वैगन पटरी से उतर गए। लोको पायलट ने मालगाड़ी रोकने के बाद सूचना झांसी कंट्रोल व निकट के स्टेशन मास्टर को दी। दुर्घटना के कारण अप ट्रैक का यातायात ठप पड़ गया और आगरा से झांसी की तरफ बढ़ रही ट्रेनें अलग- अलग स्टेशनों पर खड़ी हो गईं। इनमें 18478 उत्कल एक्सप्रेस, 14624 पातालकोट एक्सप्रेस, 12270 दूरंतो एक्सप्रेस, 2442 राजधानी एक्सप्रेस, 12780 गोवा एक्सप्रेस, 16032 अंडमान एक्सप्रेस, 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस, 11107 बुंदेलखंड एक्सप्रेस, 14314 बरेली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 12190 महाकौशल एक्सप्रेस 12122 मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शामिल रहीं।
इधर, दुर्घटना के करीब दो घंटे बाद दुर्घटना राहत वाहन, संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त वैगनों के आगे व पीछे के वैगनों को अलग किया गया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वैगनों को पटरी पर रखने का काम शुरू किया गया। करीब साढ़े दस बजे वैगनों को पटरी पर रखने के बाद यातायात को सामान्य बनाया गया।