ललितपुर जिला कारागार में बसपा के पूर्व सांसद को वीआईपी सुविधा दिए जाने के मामले में डिप्टी जेलर को सस्पेंड किया गया है। मंडलायुक्त झांसी मंडल विमल कुमार दुबे व डीआईजी केशव कुमार चौधरी ने सोमवार सुबह जिला कारागार में छापा मारा था। इस दौरान उन्होंने बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर सहित कुछ अन्य बंदियों की बैरकों को देखने के साथ ही जेल की व्यवस्थाओं को देखा। मंडलायुक्त ने कहा था कि जेल में बंदी के पास धनराशि मिलना अनुचित, दोषी पर कार्रवाई होगी।
इससे पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व एडीजे मयंक जायसवाल ने जेल का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर की बैरक 5बी में ब्रांडेड खाने का सामान, महंगा गद्दा ,पंखा के अलावा तकिया के नीचे 500 रुपये के नोट की गड्डी जिसमें 30 हजार रुपये बताए गए थे। वहीं, एक बैरक में ताला पड़ा देख उन्होंने जब उसे खुलवाया तो वहां खाना बनाने का सामान व बर्तन बरामद हुए थे।
करीब एक घंटे बाद 10.30 बजे बाहर निकले मंडलायुक्त ने पत्रकारों को बताया कि जेल की व्यवस्थाओं को देखा है जेल में बंदी की बैरक में जो सामान मिला वह जेल मैन्युअल के अनुसार था, लेकिन धनराशि मिलना अनुचित है। उन्होंने कहा कि इस पर जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जेल की एक बैरक में अलग से मैस चलने के सवाल पर उन्होंने बताया कि वहां कैंटीन चल रही है।