झांसी। दशहरा व दीपावली पर सामान्य दिनों की अपेक्षा बिजली की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में त्योहारों पर बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके, इसके लिए बिजली विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभी से ट्रांसफार्मर व मोहल्ले में तारों को दुरुस्त किया जा रहा है। उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।
दशहरे पर बिजली की खपत सामान्य दिनों की अपेक्षा 10 से 15 प्रतिशत बढ़ जाती है। दीपावली पर यह आंकड़ा 25 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। ऐसे में किसी भी तरह से बिजली आपूर्ति में समस्या न हो, इसके लिए बिजली विभाग ने फीडरों को अपडेट करना शुरू कर दिया है। कुछ फीडरों की क्षमता भी बढ़ाने का काम किया जा रहा है। वहीं, फीडरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जिससे चौबीस घंटे निगरानी हो सके। पुराने ट्रांसफार्मरों को बदलने का काम भी शुरू कर दिया है। उन इलाकों को भी चिह्नित किया जा रहा है, जहां पर ज्यादा ट्रिपिंग के मामले आते हैं। इधर, नलकूप कनेक्शन के चलते देहात क्षेत्र में बने उपकेंद्रों पर भी लोड बढ़ रहा है। ऐसे में देहात में बने उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है, जिससे किसानों व लोगों को बिजली सप्लाई सुचारु रूप से मिल सके।
दशहरा और दीपावली के त्योहार पर बिजली आपूर्ति में कोई समस्या न हो, इसके लिए तेजी के साथ मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। ट्र्रांसफार्मरों को दुरुस्त किया जा रहा है।
डी यादवेंदु, अधिशासी अभियंता, प्रथम