रानीपुर। देवरी सिंहपुरा में कोरोना का मरीज मिलने के बाद शनिवार को गांव की सीमाएं सील कर दी गईं। किसी भी व्यक्ति को गांव आने और बाहर जाने की इजाजत नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी गांव में ही डेरा जमाए रहे। गलियों को भी बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया। साथ ही साफ-सफाई कर गलियों को सैनिटाइज किया गया। देवरी सिंहपुरा निवासी युवक 14 मई को राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन से झांसी लौटा। घर पहुंचने के दो-तीन दिन बाद उसे श्वांस फूलने की समस्या हुई, तो 17 मई को बंगरा सीएचसी में दिखाने गया। वहां से दवा लेकर अपने घर चला गया। इसके बाद उसे तकलीफ बढ़ी तो बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कर लिया। युवक की कोरोना वायरस की जांच के लिए सैंपल कोविड लैब में भेज दिया गया। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में युवक में कोरोना वायरस की पुष्ट हो गई। युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद उसके परिजनों को पैरामेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया गया। शनिवार को गांव की सीमाएं सील कर दी गईं। इसके अलावा गलियों में भी बैरिकेडिंग लगा दी गईं। सुबह से ही एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर सतपाल सिंह, चौकी प्रभारी सुबोध सिंह परमार पुलिस बल के साथ गांव में डेरा डाले रहे। अधिकारियों ने लोगों से शासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। जांच हुई, संपर्क में आने वालों को किया क्वारंटीन देवरी सिंहपुरा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के लोगों की जांच की। इसके अलावा सीधे संपर्क में आने वाले कुछ लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब भेजे जाएंगे।