एरच डिफेंस कॉरिडोर को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर किया जाये पुनर्विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय। गरौठा क्षेत्र को लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मांग क्षेत्र मे जोर पकड़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लिंक एक्सप्रेसवे जुड़ जाने से लोगों का आवागमन सुगम होगा।
गरौठा, गुरसराय और बामौर सहित क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के द्वार खुल जाएंगे।
एरच डिफेंस कॉरिडोर को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से लिंक एक्सप्रेसवे के माध्यम से जोड़ने की सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। प्रारंभिक योजना के अनुसार यह मार्ग बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के राठ चेंजओवर से होकर गरौठा, गुरसराय और बामौर के पास से गुजरते हुए एरच डिफेंस कॉरिडोर से जोड़ा जाना था। यह मार्ग न केवल क्षेत्र के विकास में सहायक होता बल्कि झांसी और चित्रकूट के बीच की दूरी को भी कम करेगा। किंतु अब इस योजना में बदलाव कर इसे राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (एनएच-27) के समानांतर बनाने का निर्णय लिया गया है, जिससे गरौठा क्षेत्र को कोई ठोस लाभ नहीं मिलेगा।
सहकार भारती के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं गरौठा क्षेत्र के युवा नेता योगेश त्रिपाठी अजनेरी सहित कई नेताओं व क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्राचार कर इस पर पुनर्विचार करने के लिये अनुरोध कियाहै। मांग की है कि क्षेत्र की जनता के हित को सर्वोपरि रखते हुए इस निर्णय पर फिर से विचार किया जाए।