झांसी। महानगर के ठेला संचालकों को नगर निगम कूड़ेदान का वितरण करेगा। इसके बाद गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगेगा। बृहस्पतिवार को नगर निगम में अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने स्वास्थ्य विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
महानगर में त्योहार पर व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर विभाग की साप्ताहिक समीक्षा कर लंबित पड़े कामों को पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने नगर निगम के स्वास्थ्य और विद्युत विभाग की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि त्योहार पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सफाई कर्मचारियों की वार्ड में पहुंचने की निगरानी की जाए। साथ ही, सफाई निरीक्षक और सफाई हवलदार सक्रिय रहें।
निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही ठेला संचालकों को कूड़ेदान दिए जाएंगे। साथ ही, गंदगी फैलाने पर जुर्माना वसूल किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि त्योहार से पहले खराब पड़ीं स्ट्रीट लाइटों को सही करा दिया जाए। इस मौके पर सहायक अभियंता विद्युत एसके नायक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार, जेडएसओ रविचंद्र निरंजन समेत तमाम सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।