झांसी। मोंठ थाना इलाके में हुई सड़क दुर्घटना में घायल वृद्ध की रविवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने एक निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस से की है।
मोंठ के ग्राम बिरथरी निवासी बलवान कोरी (65) शुक्रवार को अपने घर से पैदल बाजार जा रहे थे। रास्ते में एक बाइक सवार ने उनमें टक्कर मार दी थी। घायल को पहले मोंठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन, हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज के पास परिजनों की मुलाकात एक दलाल से हुई थी। वह उन्हें अच्छा इलाज कराने के बहाने बरगलाकर एक नर्सिंग होम में ले गया था।
शनिवार को बलवान की हालत बिगड़ने लगी। इस पर परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से बलवान को मेडिकल कॉलेज रेफर करने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर अस्पताल स्टाफ ने 70 हजार रुपये की मांग रख दी। इसे लेकर परिजनों व अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद हो गया। नौबत हाथापाई तक आ पहुंची।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन घायल को मेडिकल कॉलेज ले गए थे। यहां रविवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की ओर से नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए नवाबाद थाने में तहरीर दी गई है। उधर, मृतक के भतीजे अक्षय ने बताया कि नर्सिंग होम में डॉक्टर ही नहीं था। स्टाफ के भरोसे चाचा बलवान का इलाज किया जा रहा था।
टक्कर मारने वाले हुए गायब
झांसी। जिस युवक ने बाइक से बलवान को टक्कर मारी थी, उसके परिजन उसके साथ अस्पताल भी पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों को अस्पताल का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया था। अस्पताल में वे कुछ समय तक रहे। इसके बाद उनका पता नहीं चला। ऐसे मेें इलाज का खर्च बलवान के परिजनों को ही उठाना पड़ा।