झांसी में बैंक से पैसा निकालने के बाद घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक मोंठ के चेलरा गांव निवासी परशुराम अहिरवार (42) बृहस्पतिवार को अपने दोस्त राजू के साथ बैंक से पैसा निकालने गया था।
पैसा निकालकर जब वह वापस लौट रहा था तभी सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक भिड़ गई। परशुराम सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई। शुक्रवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया जबकि उसके दोस्त की हालत नाजुक है। पुलिस ने परशुराम के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।