झांसी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने समझाबुझाकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर नौ निवासी रामस्वरूप का पुत्र संजय भदौरिया (27) ग्वालियर मार्ग पर एक चार्टर्ड एकाउंटेंट के यहां काम करते थे। सीए के कहने पर मंगलवार की दोपहर वह इलाइट चौराहा के नजदीक स्थित 48 चैंबर में किसी ग्राहक के पास गए थे। वहां उन्होंने अपने साथी सोनू वर्मा को बताया कि उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही है। इस पर सोनू उनको जिला अस्पताल ले गया। यहां चिकित्सक ने इंजेक्शन देने के बाद ईसीसी कराने के लिए कहा। मगर दोपहर दो बजे ईसीसी केंद्र बंद हो गया था। दोबारा वह आकस्मिक विभाग पहुंचे, जहां कुछ देर में ही संजय की मौत हो गई। इधर, घटना की खबर मिलते ही परिजन व बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौके पर पहुंच गए। परिजन मौत के लिए अलग- अलग आरोप लगाने लगे। इससे हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि पोस्टमार्टम में हकीकत सामने आ जाएगी। इसके बाद परिजन शांत हो गए।