चार दिन से लापता देवरा बुजुर्ग के युवक नंदकिशोर (21) का शव बुधवार शाम को देवरा मौजा में महुआ के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एरच थाना क्षेत्र के देवरा बुजुर्ग निवासी रामेश्वर ने बताया कि उनका बेटा नंदकिशोर सेठ रामदास मेमोरियल महाविद्यालय एरच में बीएससी फाइनल का छात्र था। 2 फरवरी को सुबह 9 बजे वह मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकला था। वह रात तक घर नहीं आया। उसके मोबाइल पर घंटी जा रही थी, लेकिन वह उठ नहीं रहा था। 3 फरवरी को पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
बुधवार शाम करीब 4 बजे देवरा मौजा में खेत की रखवाली कर रहे कुछ लोगों ने महुआ के पेड़ पर शव लटका देखा। सूचना पर वह पहुंचे तो शव नंदकिशोर का था। पुलिस को सूचना दी गई। शव से दुर्गंध आ रही थी। शव दो-तीन दिन पुराना लग रहा था। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
नंदकिशोर की मौत के बाद घर में कोहराम मचा है। उसका बड़े भाई रामकिशोर की शादी हो चुकी है। परिवार खेती के काम से जुड़ा है।