पूछ के बावई रोड के पास नई बस्ती निवासी नसरुद्दीन उर्फ बेर की दो माह की बालिका रिया रविवार दोपहर करीब 11 बजे अचानक घर से लापता हो गई। उसकी मां रिजवाना का कहना है अंदर बने कमरे में बिस्तर पर सुला कर कपड़े धोने गई थी। करीब आधा घंटे बाद जब वह घर लौटी तो रिया बिस्तर पर नहीं थी। जबकि उसका बड़ा भाई रियाज उम्र 13 माह बिस्तर पर सोया था। रिया के गायब होने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
सीओ स्नेहा तिवारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू कराई। झांसी से डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। पुलिस टीम ने घर के आसपास समेत रेलवे लाइन एवं खेतों में घर के अंदर बाहर सभी जगह तलाशा लेकिन, उसका सुराग नहीं लगा। वन विभाग के कर्मचारी भी बुलाए गए। सोमवार सुबह पास के नाले में तलाश के गोताखोरों को लगाया गया। गोताखोर ने करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद उसका शव नाले के अंदर से बरामद कर लिया। बच्ची ने फुल पजामी, स्वेटर और सिर पर टोपा लगाया था। पुलिस के मुताबिक देखने से ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने बच्ची को बिस्तर से उठाकर पानी के अंदर रख दिया हो। उसके शरीर पर कोई खरोच नहीं था।
बच्ची वहां कैसे पहुंची, इसकी वजह साफ नहीं है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ हो सकेगी। पुलिस बारीकी से मामले की पड़ताल कर रही है। -स्नेहा तिवारी, सीओ, मोंठ