झांसी में रविवार सुबह महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड की बाउंड्री में एक युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस अभी तक शिनाख्त नहीं करा पाई है। मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में शनिवार रात कोई मरीज भर्ती नहीं था, इससे वार्ड बंद था।
रविवार सुबह स्टाफ वार्ड में पहुंचा तो वार्ड की बाउंड्री के भीतर करीब 35 वर्षीय एक युवक का शव पड़ा मिला। स्टाफ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तमाम कोशिशों के बाद भी युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई।
बताया गया कि युवक के शरीर पर सिर्फ पैंट ही मिला है। वह शर्ट नहीं पहने था। उसके पैरों पर चप्पल भी नहीं मिली। उधर, वार्ड की बाहरी दीवार तकरीबन पांच फुट से अधिक है, उसके ऊपर ऊंची जाली भी लगी है। ऐसे में युवक बाउंड्री के अंदर क्यों और कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन को नहीं है।
नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्रा ने बताया कि आशंका है कि बाउंड्री फांदते समय युवक गिर गया होगा। दीवार पर पंजे के निशान भी मिले हैं। हालांकि, जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।