- जेसीबी की मदद से उतारी गई, नहीं हो पाई शिनाख्त
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शनिवार की शाम प्रेमनगर थाना इलाके में एक युवक की लाश पेड़ पर लटकी मिली। लाश में से दुर्गंध आ रही थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से लाश को नीचे उतरवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
शनिवार शाम को प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि अठोंदना पुलिया के पास झाड़ियों के बीच लगे एक पेड़ पर एक लाश लटकी है। इसमें से दुर्गंध आ रही है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लाश पेड़ की टहनी से रस्सी के सहारे जमीन से लगभग 12 फीट की ऊंचाई पर लटकी हुई थी। ऊंचाई अधिक होने की वजह से पुलिस ने जेसीबी की मदद से लाश को नीचे उतारा। लाश सड़ चुकी थी और उसमें से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने आसपास के लोगों के जरिये लाश की शिनाख्त की कोशिश की, परंतु कोई पहचान नहीं कर सका।
प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह राठौर ने बताया कि लाश लगभग 30 वर्षीय युवक की है। लाश की दशा देखकर अनुमान है कि युवक ने तीन-चार दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। शव को कब्जे में ले लिया गया है। उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।