झांसी। वित्तीय वर्ष 2015-16 के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को उन्नाव बालाजी रोड के लिए केंद्र सरकार द्वारा टोकन मनी जारी कर दी गई, जो कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के खाते में पहुंच गई है। इससे नये वित्तीय वर्ष की शुरुआत में पीडब्लूडी सड़क निर्माण का काम शुरू कर देगा।
नगर से सटी उन्नाव-बालाजी रोड वर्षों से दुर्दशाग्रस्त है। सड़क कई स्थानों पर धंसी हुई है। लोगों को बड़े-बड़े गड्ढों से होकर गाड़ी निकालनी पड़ती है। इससे आए दिन यहां लोग चोटहिल होते रहते हैं। जबकि, इस सड़क से दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं। साथ ही उन्नाव के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर जाने के लिए प्रमुख मार्ग पर यही सड़क है। इसकी उपयोगिता को दृष्टिगत रखते हुए इसे सेंट्रल रोड फंड के तहत एक साल पहले चयनित किया गया था।
10.800 किलोमीटर के इस मार्ग के लिए पीडब्लूडी ने अठारह करोड़ का स्टीमेट तैयार कर सरकार को भेज दिया था। बजट के अभाव में काम शुरू नहीं हो पा रहा था। लेकिन, वित्तीय वर्ष के अंतिम दिवस सरकार ने उक्त सड़क के लिए 2.61 लाख रुपये की टोकन मनी जारी कर दी है। इससे नये वित्तीय वर्ष के शुरुआत में सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद बन गई है।
‘टोकन मनी जारी करने का मतलब है कि सरकार ने सड़क की स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। अवशेष धनराशि नये वित्तीय वर्ष में मिल जाएगी।’
- ए के जैन, अधिशासी अभियंता - पीडब्लूडी
आखिरी दिन कर्मचारियों के देयकों का हुआ भुगतान
झांसी। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को कोषागार में रात बारह बजे तक काम जारी रहा। एक ही दिन में विभिन्न विभागों को छह करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। शासन का कर्मचारियों के वेतन-भत्ते व आकस्मिक देयकों के भुगतान पर जोर रहा।
कोषागार खुलने के साथ ही विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का आवागमन यहां शुरू हो गया था। दिन भर यही स्थिति बनी रही। एक ही दिन में विभागों ने चार सौ बिल प्रस्तुत किए, जिन पर छह करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। हालांकि, इस बार वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर सरकार ने किसी योजना के मद में बड़ा बजट आवंटित नहीं किया। ज्यादातर भुगतान विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों के लंबित वेतन-भत्ते व आकस्मिक देयकों के हुए।
रात में जिलाधिकारी अजय कुमार शुक्ला कोषागार पहुंचे। उन्होंने बजट आवंटन के बारे में जानकारी ली। हालांकि, पूर्व के वर्षों की भांति साल के अंतिम दिन कोषागार में गहमागहमी नहीं रही। इसके अलावा एसबीआई, पीएनबी समेत अन्य बैंक शाखाओं में भी देर रात तक काम जारी रहा।