संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। पेंशन का रुपया न देने पर बहू की मारपीट व उत्पीड़न से परेशान रिटायर्ड रेलकर्मी दंपती ने पुलिस से शिकायत की है। सास का आरोप है कि बेटे ने प्रेम विवाह किया है और वह अभी तक उसका खर्चा उठा रही है। इसके बाद भी बहू लगातार उनके साथ मारपीट कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उत्पीड़न कर रही है। पुलिस ने वृद्ध सास की शिकायत पर बहू के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ईसाई टोला खातीबाबा में रहने वाली वृद्धा कृष्णा देवी पत्नी रामदीन ने पुलिस से शिकायत की है कि उसके बेटे शिवम सिसोदिया ने खुद की मर्जी से रेनू वर्मा से प्रेम विवाह किया है। पति रेलवे से रिटायर्ड है और 30 साल की उम्र होने के बाद भी बेटे का खर्चा वह दोनाें उठा रहे हैं। कृष्णा का आरोप है कि 10 मई को दोपहर बहू रेनू वर्मा ने खाना बनाने वाली बाई को लेकर उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। जिससे उसके हाथ की चूड़ियां टूटकर कलाई में घुस गई। लहूलुहान होने के बाद भी बहू ने उसकी उंगली मोड़ दी, जिससे उंगली टूट गई और पूरा हाथ सूज गया। बहू की पिटाई से बचकर वह कमरे में दौड़कर भागी तो पीछा कर बहू ने कमरे में घुसकर उसका सिर दीवाल पर मारा, जिससे अलमारी के कांच टूट गए। इतना ही नहीं डायल 112 पर फोन करने के लिए मोबाइल उठाया तो वह भी बहू ने छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इसी प्रकार 11 मई को भी बहू ने बाल पकड़कर पीटा और पेंशन का पैसा न देने पर मरने के लिए तैयार रहने की धमकी देती है।
कृष्णा ने पुलिस को बताया कि प्रेम विवाह के कारण उसने बहू रेनू के परिवार से कोई दहेज नही लिया, फिर भी वह दहेज उत्पीड़न में पूरे परिवार को फंसाने की धमकी देकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। उसने बहू-बेटे को घर से निकालने व कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने सास की तहरीर पर बहू रेनू वर्मा के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि वृद्धा ने घरेलू हिंसा को लेकर बहू की शिकायत की है। मामला दर्ज कर छानबीन कराई जा रही है।