बाहर दतिया गेट के परकोटे के पास रखे तीन बिजली ट्रांसफार्मरों (परिवर्तक) में मंगलवार की शाम आग लग गई। आग की बढ़ती लपटें देख लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। कर्मचारी एक ट्रांसफार्मर को बचाने में कामयाब हो गए। हादसे से क्षेत्र के आठ सौ घरों में अंधेरा छा गया।
बाहर दतिया गेट के परकोटे के पास दो चार सौ और एक ढाई सौ केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर रखा है। इन ट्रांसफार्मरों से अंदर- बाहर दतिया गेट और मुकरयाना क्षेत्र को बिजली दी जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब साढ़े चार बजे ट्रांसफार्मरों की केबल से धीरे- धीरे चिंगारी निकल रही थी। थोड़ी ही देर में चिंगारी ने आग का रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते तीनों ट्रांसफार्मरों से आग की लपटें निकलनी लगीं। यह देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों के खबर देने पर सबस्टेशन से बिजली बंद कर दी गई। इधर, सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग को बुझाना शुरू किया। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस प्रयास से एक 400 केवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से बच गया।
आग बुझने के दो घंटे बाद अवर अभियंता सुनील कुमार की देखरेख में बिजली कर्मचारियों ने मरम्मत काम शुरू किया। देर रात दो नए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली को सामान्य बनाने के प्रयास चल रहे थे। अवर अभियंता ने बताया कि लोग ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा डाल देते हैं। यही कूड़ा आग लगने का कारण बन जाता है।