दतिया गेट फिल्टर पर बने 6.5 एलएलडी के स्टोरेज टैंक की मरम्मत और सफाई का काम इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा। इससे फिल्टर पर पानी की स्टोरेज क्षमता बढ़ जाएगी, जिससे शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति बढ़ेगी, जिससे जल संकट से जूझ रहे लोगों को निजात मिलेगी।
गर्मी में शहर के कई इलाकों की जलापूर्ति व्यवस्था बुरी तरह से लड़खड़ा गई है। पाइप लाइन के माध्यम से की जाने वाली पानी की आपूर्ति की गति भी मंद पड़ गई है। कहीं नलों में दिन में पानी दो की जगह एक बार आ रहा है, तो कहीं बूंद भी नहीं टपक रही है। इससे लोगों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
पुराने शहर की ज्यादातर आबादी दतिया गेट फिल्टर से की जानी वाली जलापूर्ति पर निर्भर है। फिल्टर पर पानी पहूज बांध से आता है। वर्तमान में यहां 5.4 एमएलडी का पानी का एक स्टोरेज टैंक है। इसी टैंक में जमा होने वाले पानी को पाइप लाइन के जरिये शहर में भेजा जाता है। साथ ही टैंकर भी इसी से भरे जा रहे हैं। इससे जलापूर्ति प्रभावित बनी हुई है। लेकिन, इसी माह 6.5 एमएलडी का एक और स्टोरेज टैंक शुरू हो जाएगा। दरअसल, इस स्टोरेज टैंक का निर्माण पंद्रह साल पहले किया गया था। लेकिन, बनने के बाद से यह अब तक शुरू नहीं हो सका। पानी की समस्या बढ़ते देख अब इसे शुरू किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दतिया गेट फिल्टर में पहूज बांध से पानी आता है। यहां पानी का फिल्टर कर उसकी सप्लाई की जाती है।
जल संस्थान के अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि नये टैंक में पानी इसी महीने से स्टोरेज किया जाने लगेगा। इससे जलापूर्ति बढ़ जाएगी।
इन क्षेत्रों को मिलेगी राहत
बंसल कालोनी, नई बस्ती, अलीगोल खिड़की, लक्ष्मणपुरा, सराय, उन्नाव गेट बाहर, मेवातीपुरा, छनियापुरा, गुसाईंपुरा, चौधरयाना, पंचवटी, मानिक चौक, खत्रियाना, टकसाल, रानी महल, नरसिंह राव की टोरिया, पंचकुइयां समेत शहर क्षेत्र के कई अन्य हिस्से।
पानी की जरूरत हो तो फोन करें
झांसी। भीषण गर्मी को देखते हुए पंडित विश्वनाथ शर्मा हिंदू धर्मार्थ न्यास की ओर से पं. अनुराग शर्मा के निर्देशन में नगर में पेयजल वितरण शुरू किया गया। पहले दिन गुमनावारा व करगुवां जी क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति हुई। न्यास के मानद प्रशासक पं. रमेश बिरथरे ने बताया कि पूरी गर्मियों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति सुचारु रहेगी। क्षेत्रवासी आवश्यकता पर 9450034073, 9793290843 और फोन नंबर 0510- 2330440 पर संपर्क कर सकते हैं।
हैंडपंप न सुधरने की शिकायत
झांसी। बड़ागांव गेट बाहर अन्नपूर्णा कालोनी निवासी अरविंद गुप्ता ने बताया कि उनके क्षेत्र में भीषण जल संकट व्याप्त है। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल को टैंकर से पानी की आपूर्ति करने और खराब हैंडपंपों को सुधारने की शिकायत जल संस्थान में दर्ज कराई थी। बावजूद, न ही टैंकर से पानी मिला और न ही हैंडपंप अब तक सुधारे गए।