अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रेमनगर थाना निवासी एवं नगर पालिका परिषद दतिया के स्थापना लिपिक दिलीप सिंह के सुसाइड मामले में प्रेमनगर पुलिस ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीएमओ) नागेंद्र शर्मा समेत तीन अफसरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। सुसाइड करने से पहले दिलीप का बनाया वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
थाना प्रेमनगर के नराईपुरा मोहल्ला निवासी दिलीप सिंह ने अपने घर में 22 फरवरी 2026 को फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। वह घर बनवा रहे थे। भवन निर्माण सामग्री लेकर आने के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। उनकी मौत के बाद पत्नी माधुरी सिंह ने कार्यालय में चल रहे विवाद को मुख्य वजह बताया था। माधुरी सिंह का कहना था कि नगर पालिका कार्यालय में तैनात राजेश दुबे और धर्मेंद्र शर्मा उनके पति पर फर्जी फाइल तैयार करने का दबाव बनाते थे। दिलीप के इन्कार करने पर उनसे मारपीट की गई। सीएमओ नागेंद्र सिंह गुर्जर ने 17 फरवरी को उनको हटाकर कचरा गाड़ियों की गणना के काम में लगा दिया।
इसके बाद से वह परेशान थे। दिलीप ने वीडियो बनाने के बाद सुसाइड कर लिया। प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कराई जा रही है।