संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में घर-घर पानी पहुंचा रहीं जल संस्थान की टंकियाें से अब साफ पानी मिलेगा। जल संस्थान ने टंकियों की सफाई कराने के बाद इन पर सफाई की तिथि भी अंकित करा दी है।
जल संस्थान के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बाद स्वच्छ जलाशय से पानी टंकियों में जाता है। इन टंकियों की निर्धारित समय पर सफाई की जाती है। सफाई समय पर होती रहे, इसके लिए इसकी तिथि भी अंकित की जाती है, लेकिन छह टंकियाें में किसी भी टंकी पर सफाई की तिथि अंकित नहीं थी। कई टंकियों में तो काई तक जम गई थी। नेहरूनगर क्षेत्र को पानी देने वाली टंकी पर तो सफाई वर्ष 2012 अंकित था। इसे अमर उजाला ने पांच मई को पेज नंबर दो पर ''वर्षों से नहीं हुई टंकियों की सफाई फिर भी हो रही पानी की सप्लाई'' शीर्षक से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए विभाग ने टंकियों की सफाई कराई। अब उपभोक्ताओं को स्वच्छ पानी मिल सकेगा।
-
टंकियों की सफाई करा दी गई है। इन पर सफाई की तिथि भी अंकित करा दी गई है। अब समय-समय पर सफाई होती रहेगी।
- शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान