- सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर चल रही क्रिकेट लीग का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। झांसी डिस्टि्रक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर खेली जा रही 53वीं डॉ. वृंदावन लाल वर्मा क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में दातार नगर परवई ने अग्रवाल स्पोर्ट्स क्लब को शिकस्त दी। टीम ने क्रिकेट लीग की चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने फाइनल मैच का शुभारंभ किया। फाइनल मुकाबले में टाॅस जीतकर दातार नगर परवई टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने रुपेश कबूतरा के 45, नवल कबूतरा के 34, अंकेश के 16 रन व जितेंद्र के 13 रन की सहायता से नौ विकेट खोकर 148 रन बनाए। अग्रवाल स्पोर्ट्स क्लब की ओर से अनुज तिवारी ने 18 रन देकर तीन, अंकित प्रजापति व पुष्पेंद्र यादव ने दो दो व अमन ठाकुर ने एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अग्रवाल स्पोर्ट्स के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अग्रवाल स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ी मैच की अंतिम गेंद तक जीत के लिए जुटे रहे। मगर दातार नगर परवई के खिलाड़ियों ने बेहतरीन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के दम पर मैच जीत लिया। अग्रवाल स्पोर्ट्स क्लब की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 147 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद्म नारायण मिश्रा ने विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उप विजेता टीम अग्रवाल स्पोर्ट्स क्लब को विशिष्ट अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अविनाश कुमार सिंह ने ट्राॅफी प्रदान की। केपी श्रीवास्तव से शतकीय पारी खेलने वाले अंकेश कबूतरा, तनिष्क शर्मा, हैट्रिक लेने वाले शिवम कबूतरा, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अर्पित साहू व सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज अंकित प्रजापति को पुरस्कृत किया।
मत्स्य विभाग के उपनिदेशक संजय शुक्ला ने मुदस्सर खान को मैन ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर अपर जिला न्यायाधीश शक्तिपुत्र तोमर, विजय वर्मा, सीपी उपाध्याय, अविनाश कुमार सिंह, अशोक यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ईएस कनौजिया, राहुल कुमार, जेडीसीए सचिव अजय मिश्रा मौजूद रहे।