झांसी। महानगर की सड़कों पर रफ्तार भरने से पहले थोड़ा संभल जाइये, क्योंकि इन सड़कों पर कदम-कदम पर खतरा है। कहीं मैनहोल खुले पड़े हैं, तो कहीं गड्ढे हादसों का सबब बन रहे हैं। इन सड़कों से अधिकारियों का भी निकलना होता है, लेकिन उनको सड़कों की दुर्दशा नजर नहीं आती। इसलिए सड़क पर सावधानी से चलने की जरूरत है, क्योंकि बड़े धोखे हैं इन राहों में....।
तस्वीर-एक
मैनहोल दिखता ही नहीं
महानगर के प्रमुख चौराहे इलाइट से झोकनबाग जाने वाली सड़क पर ही मैनहोल खुला पड़ा है। यहां कई बार लोग हादसों के शिकार हो चुके हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों को मैनहोल दिखता ही नहीं है।
तस्वीर-दो
गड्ढों में है सड़क
चित्रा चौराहे से सीपरी बाजार जाने वाले मार्ग तो गड्ढ़ों में हैं। यहां बारिश के दौरान जलभराव होने से गड्ढे नजर नहीं आते। ऐसे में लोगों को जरा सी असावधानी में हादसे का शिकार होना पड़ता है। इस मार्ग के निर्माण को कोई पहल नहीं की गई।
तस्वीर-तीन
ये सड़क कहती है बदहाली की कहानी
इलाइट से गोविंद चौराहा जाने वाले मार्ग का हाल भी कुछ ऐसा ही है। यहां भी गड्ढे लोगों के लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं। कई बार लोग इन गड्ढों को भरने के लिए मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इन सड़कों पर भी गड्ढ़े
महानगर के बीकेडी, मानिक चौक, आजाद चौक, सुभाषगंज, सैंयर गेट, बड़ागांव गेट, ओरछा गेट, लक्ष्मी गेट, डडियापुरा, हसारी समेत तमाम क्षेत्रों में गड्ढे हैं। साथ ही तमाम जगहों पर मैनहोल खुले पड़े हैं।
महानगर की सड़कों का सर्वे कराया जाएगा। प्रस्ताव तैयार कर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। मैनहोल को भी बंद कराया जाएगा।- एलएन सिंह, चीफ इंजीनियर नगर निगम