हरीनाम संकीर्तन में भक्तों ने किया मोहक नृत्य
झांसी। महानगर में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की धूम शुरू हो गई है। इस्कॉन मंदिर के तत्वावधान में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मृदंग की थाप पर हरे रामा - हरे कृष्णा की भक्ति धुन पर श्रद्धालुओं ने मोहक नृत्य किया। जगह - जगह व्यापारियों व श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
हर साल की तरह इस वर्ष भी इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है, जो 24 अगस्त तक चलेगा। शनिवार को महोत्सव का शुभारंभ हरिनाम संकीर्तन शोभायात्रा के साथ हुआ। यात्रा ने पूरे शहर को भक्ति में बांध दिया। इस्कॉन मंदिर से शुरू हुई यात्रा में भगवान श्री कृष्ण, राधा जी का भव्य दरबार तथा श्रील प्रभु पाद जी की प्रतिमा विराजमान रही। युवा भक्त और इस्कॉन के सदस्यों ने मृदंग की थाप पर हरे रामा - हरे कृष्णा मंत्र का जाप एवं जयकारे लगाते हुए नृत्य किया। मिनर्वा चौराहा, सिंधी तिराहा, कोतवाली की ढाल, गंधीगर का टपरा, सराफा बाजार, मानिक चौक, मालिनों का चौराहा, गांधी रोड, सुभाष गंज, रानी महल से होती हुई शोभायात्रा वापस मंदिर में कार्यक्रम के रूप में परिवर्तित हो गई।
यहां वृंदावन के चंद्र दास गोस्वामी ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण सभी की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। उनका अवतरण धरती पर अधर्म के नाश के लिए हुआ था। आज संपूर्ण विश्व द्वारिकाधीश की शरण में है, जो शांति, सत्य कर्म का मार्ग है। कथा अवसर पर मंगल गीत गाते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान की भव्य आरती की। इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष बृजभूमि दास, गंगाराम शिवहरे, अशोक सेठ, राजीव अग्रवाल, महेश सराफ, करुणानिधि दास, अभय चरण दास, मनीष नीखरा, अन्योर दास आदि मौजूद रहे।