बांधों को अब भी झमाझम बारिश का इंतजार
झांसी। लगातार बारिश न होने से माताटीला और राजघाट बांध का जलस्तर तेजी से नहीं बढ़ पा रहा है। इससे पर्यटकों के लिए माताटीला बांध के गेट खुलने की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है। गेटों के नहीं खुलने से बेतवा नदी सूखी पड़ी है। जिले में अभी तक 366 मिमी और ललितपुर में 220 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जनपद में शुक्रवार को 10 और शनिवार को पांच मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। ।
मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और प्रदेश के ललितपुर में बरसात थमने से राजघाट, माताटीला समेत अन्य बांधों का जलस्तर भी ठहर गया है। माताटीला बांध का जलस्तर 1,012 फीट है और इस समय बांध में 991 फीट पानी है। इस हिसाब से बांध 21 फीट खाली चल रहा है। हालांकि, 1,006 फीट से ऊपर पानी होने पर गेट खोल दिए जाएंगे। बांध के गेट न खुलने के कारण यहां पर्यटकों की आवाजाही नहीं बढ़ पा रही है। गेट से छोड़े जाने वाले मनोरम दृश्य को देखने के लिए यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन अभी यह संख्या सैकड़ों में भी नहीं पहुंच पा रही है।
इधर, राजघाट बांध का जलस्तर भी स्थिर है। इस बांध की कुल क्षमता 371.90 मीटर है और अभी तक बांध 361.40 मीटर भर गया है। इस हिसाब से अभी बांध 30 फीट से ज्यादा खाली है। बांध भरने के बाद ही पानी को गेट खोल बेतवा नदी में छोड़ा जाएगा। राजघाट बांध से पानी छूटने पर माताटीला बांध दो- तीन दिन में पूर्ण क्षमता से भर जाएगा। मगर, राजघाट बांध का भरना भी अभी मुमकिन नहीं हो पा रहा है।
मालूम हो कि, बेतवा नदी का पानी सबसे पहले ललितपुर जिले के राजघाट बांध में रोका जाता है। इस बांध से छूटा पानी माताटीला बांध को भरता है। माताटीला बांध से छोड़ा गया पानी सुकुवां- ढुकुवां और पारीछा बांध से होता हुआ जालौन, हमीरपुर तक पहुंचता है। माताटीला बांध से पहूज बांध और दतिया के अंगूरी बैराज बांध को भी पानी दिया जाता है।
अन्य बांधों का हाल
बांध क्षमता जलस्तर (मीटर में)
सुकुवां ढुकुवां 273.71 271.18
पारीछा 194.65 192.78
सपरार 224.64 216.65
पहाड़ी 195.93 194.21
लहचूरा 182.27 181.75
बड़वार झील 186.61 182.44
पहूज 234.09 233.23
डोंगरी 272.20 269.85
खपरार 273.00 270.70
लखेरी 185.20 179.60
सिजार 209.55 203.10
बांदा में सबसे ज्यादा, जालौन में कम
बुंदेलखंड में अभी तक बांदा में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां अभी तक 609 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। साथ ही झांसी में 366 मिलीमीटर, जालौन में 127 मिलीमीटर, हमीरपुर मेें 226 मिलीमीटर, ललितपुर में 220 मिलीमीटर, महोबा में 195 मिलीमीटर व चित्रकूट धाम कर्वी में 230 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।