झांसी। सूखे की त्रासदी झेल रहे बुंदेलखंड में एक बार फिर गरीब की थाली महंगी हो गई है। दाल-रोटी से पेट भरने वाले गरीबों और किसानों को सरकार ने जोर का झटका धीरे से दिया है। केंद्र सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री का कहना है कि अरहर की दालों की कीमतों में भारी गिरावट आई है, वहीं बुंदेलखंड के बाजारों में यह स्थिति उलटी है। यहां कीमत एक सप्ताह में लगभग 10 से 20 रुपये तक उछली है।
जनपद के बाजारों में थोक व खुदरा दोनों प्रकार का व्यापार होता है। पूरे बुंदेलखंड का व्यापारी यहां से थोक व फुटकर माल खरीदता है, जिसे वह अपने बाजार में ले जाकर चंद रुपयों के मुनाफे पर बेचता है। लेकिन, महंगाई ने थोक व फुटकर विक्रेताओं को तगड़ा झटका दिया है। दाल की कीमतों में उछाल के साथ ही चीनी, रिफाइंड आदि के दामों में भी बड़ोत्तरी हुई है।
वहीं, व्यापारी प्रखर मणि शर्मा ने बताया कि बाजार में मंदी का दौर लगता जरूर है, मगर होता नहीं है। थोक में जब माल अधिक मूल्य पर मिलता है तो हमें भी फुटकर में रेट बढ़ाने पड़ते हैं। ऐसे में सारा बोझ दुकानदार और ग्राहक पर ही पड़ता है।
दाल वर्तमान मूल्य के एक सप्ताह पूर्व के
थोक/फुटकर दाम थोक/फुटकर दाम
----------------------------------------------------
अरहर 142/160 130/140
मूंग धुली 95/100 90/95
मूंग छिलका 83/90 78/88
उर्द छिलका 145/160 130/150
उर्द धुली 164/180 145/160
चना दाल 72/80-82 65/70
मसूर खड़ी 70/82 63/75
मसूर धुली 74/85 68/80
-----------------------------------------------
चीनी 37/40 33/37
चीनी (बूरा) 41/43 35/39
रिफाइंड तेल 78/82 75/80
छोले 113/130 78/90
नोट: दाम किलो में हैं।