संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। मऊरानीपुर में दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों की मनमानी से आमजन परेशान हैं। सड़क किनारे रेहड़ी लगने और दुकानों के आगे सामान रखने से लोगों को बाजार में वाहन खड़ा करने और राहगीरों को निकलने में परेशानी होती है। इस वजह से रोजाना जाम भी लग जाता है।
कस्बे के बाजार में दुकानों के आगे अतिक्रमण से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। गांव से खरीदारी करने आने पर उन्हें बाजार में वाहन खड़े करने की जगह ही नहीं मिल पाती है। इस वजह से बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों से अक्सर जाम लग जाता है। आंबेडकर चौराहा, बिलैया चौराहा, बजरिया चौराहा, पुलिस चौकी के पास, गरौठा चौराहा, लक्ष्मीबाई चौराहा, पंजाब नेशनल बैंक के आसपास सहित जगह-जगह दुकानों के आगे अतिक्रमण पसरा है।
प्रशासन ने पिछले वर्ष बाजार से अतिक्रमण हटाने के साथ रेहड़ी संचालकों को हटाने के लिए भी अभियान चलाया था। वर्तमान में फिर से रेहड़ी वाले बाजार में पहुंच जाते हैं। आरोप है कि दुकानदार अपनी दुकानों के आगे रेहड़ी वालों से किराया लेकर उन्हें जगह देते हैं।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि अभियान चलाकर सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाया जाएगा।