झांसी। रक्सा थाना इलाके में मां-बेटे के साथ लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने बाइक से जा रहे मां बेटे को रोककर पुत्र पर चाकू से हमलाकर घायल कर लिया। जबकि मां को भी बेरहमी से पीटा। इसके बाद बदमाश नकदी व आभूषण लूट ले गए। पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफ आईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा के ग्राम ढाण निवासी प्रेम सिंह शिक्षक हैं, जबकि, उनकी पत्नी आरती (38) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। बृहस्पतिवार को आरती अपने पुत्र मनीष राजपूत (20) के साथ बाइक पर सवार होकर बबीना थाना इलाके के ग्राम बैदोरा जा रहीं थीं। दोनों दोपहर तकरीबन दो बजे रक्सा थाना इलाके के ग्राम गजगांव पहुंचे, इसी दरम्यान पहले से घात लगाए बैठे बदमाश सामने आ गए। इससे पहले कि आरती और मनीष कुछ समझ पाते बदमाशों ने मनीष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और गर्दन में चोट आई। बीच बचाव के दरम्यान बदमाशों ने आरती पर भी हमला बोल दिया, जिससे वे भी घायल हो गईं और वहीं गिर पड़ीं। दोनों को दहशत में लेने के बाद बदमाशों ने मनीष के पास रखे साढ़े चार हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। जबकि, आरती के गले से सोने का मंगलसूत्र व हार तथा कानों की झुमकी लूटकर भाग गए। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों को उनके गांव पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ।
इस मामले में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रक्सा थाने में एफआईआर दर्ज पड़ताल शुरू कर दी गई है। सीओ सदर अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रहीं हैं। जल्द ही वे गिरफ्त में होंगे।